11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में 23 सितंबर 2026 को 25 शासकीय आयुर्वेद औषधालय, आयुष विंग एवं एकीकृत आयुष चिकित्सालय द्वारा जिला प्रशासन इंदौर के जिलाधीश श्री शिवम वर्मा जी एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया के निर्देशन में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं स्कूल स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं औषधियों का वितरण किया गया। बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वास्थ्यवर्धक आहार एवं उचित विहार के महत्व की जानकारी दी गई।

इस दौरान विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए विभिन्न योग मुद्राओं एवं अभ्यासों से अवगत कराया गया, साथ ही आयुर्वेद और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए बच्चों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समय-समय पर आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाना अति आवश्यक है।

आंगनवाड़ी केंद्रों में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण

आंगनवाड़ी केंद्रों में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएएमओ, पैरामेडिकल स्टॉफ द्वारा द्वारा किशोरियों, महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगानुसार आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया। साथ ही 45 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रजोनिवृत्ति एवं पेरीमेनोपॉज से जुड़े सामान्य लक्षणों तथा उनके प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

वहीं गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में बताई गई पंचकर्म चिकित्सा जैसी प्रक्रियाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा इन्हें केवल योग्य चिकित्सक की सलाह एवं निगरानी में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविरों के सफल आयोजन में प्रधान अध्यापक, अध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली, योग और आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।