परियोजना देवास ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम बरोठा में "सेवा संकल्प अभियान" के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पोषण प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से जनसमुदाय को मोटे अनाज (मिलेट्स) के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि मोटे अनाज प्रोटीन, फाइबर, आयरन एवं कैल्शियम सहित विभिन्न पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। इनके संतुलित एवं नियमित सेवन से पोषण स्तर बेहतर बनाने में सहायता मिलती है।
गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के संतुलित आहार में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्यान्नों को शामिल करने के सरल तरीकों की जानकारी भी दी गई। प्रदर्शनी में मोटे अनाज से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों एवं रेसिपी का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्यान्नों को दैनिक आहार में शामिल करने के व्यावहारिक तरीकों से महिलाओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में स्तनपान के महत्व, बच्चों के नियमित टीकाकरण, स्वच्छता तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि उचित पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर परिवार और समाज के स्वास्थ्य स्तर में सुधार किया जा सकता है।

