सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, देवास द्वारा शासकीय राधाबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवास एवं शासकीय महाराणी चिमनाबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवास की कक्षा 12वीं की 50 छात्राओं के लिए औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कंपनी में विभिन्न औद्योगिक प्रक्रियाओं, मशीनों एवं तकनीकी कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उद्योग के विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को औद्योगिक कार्यप्रणाली एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों को देखा तथा तकनीकी विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह औद्योगिक भ्रमण छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा तथा उन्हें भविष्य में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
यह पहल कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह के निर्देशानुसार तथा शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवास के प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यालयीन छात्राओं को उद्योगों में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीक, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा उन्हें पारंपरिक अध्ययन से आगे बढ़कर व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित सोच के लिए प्रेरित करना है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा, जनभागीदारी, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करना, स्वच्छता एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना, तथा सेवा एवं विकसित भारत के संकल्प से आधिकारिक नागरिकों को जोड़ना है। जिस कड़ी में युवाओं, विद्यार्थियों को जोड़ते हुए नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित की गई एवं औद्योगिक भ्रमण के माध्यम से स्कूलों की छात्राओं को नवाचार, कौशल विकास एवं उद्योग आधारित ज्ञान उपलब्ध कराया गया।


