सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘ आंगन मिलन सेवा ’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में मंत्री, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी ली तथा बच्चों एवं महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान पौधारोपण, सरस्वती पूजन, फल एवं मिठाई वितरण तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
वार्ड क्रमांक-35 लसूडिया मोरी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र के हितग्राहियों से संवाद किया तथा उन्हें सम्मानित किया। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित सेवाओं को जनभागीदारी से जोड़ना, हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित करना तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिलकर बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 18 के दुबे का बगीचा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक श्री महेंद्र हार्डिया एवं पार्षद श्री नंदकिशोर पहाड़िया की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। यहां महिलाओं एवं हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
गौरी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक श्री रमेश मेंदोला की उपस्थिति में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक श्री मेंदोला ने पौधारोपण एवं सरस्वती पूजन किया तथा आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। हितग्राही महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।
परियोजना शहरी क्रमांक- 4 के सेक्टर मिल क्षेत्र के बजरंग नगर, वार्ड क्रमांक 27 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक श्री रमेश मेंदोला की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रश्मि, सहायिका मंजू मेहरा तथा आशा कार्यकर्ता हेमलता वर्मा, चांदनी रूटियां एवं मोना कुमावत का सम्मान कर उपहार प्रदान किए गए। उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं को फल और मिठाई वितरित की गई। इस अवसर पर सुधीर, दीपा श्रीवास्तव, मनीष जैन, मनोज बांगर, हेमलता यादव, जीतू कुशवाहा, लक्ष्मी सोलंकी, लीना मेश्राम, भारती तायडे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महू ग्रामीण परियोजना के जामली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विधायक सुश्री उषा ठाकुर एवं जनपद अध्यक्ष श्री सरदार मालवीय की उपस्थिति में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर पौधारोपण किया गया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। बच्चों को फल वितरित किए गए।
वहीं इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 11, भागीरथपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में भी पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित हुआ।


