चंबल भवन, मुरैना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आयुक्त चंबल संभाग श्री सुरेश कुमार के निर्देशानुसार संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री बी.एस. जाटव ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए।

संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री जाटव ने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में राजस्व एवं भूमि संबंधी विवाद, पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरण, नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, अवरुद्ध नालियों एवं जलभराव सहित नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों को संबंधित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण की स्थिति से आवेदकों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।