देवास के नागरिक अब सप्ताह के किसी भी दिन आधार से जुड़ी सेवाएं ले सकेंगे। UIDAI के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने शहर में आधुनिक सुविधाओं वाला नया आधार सेवा केंद्र शुरू किया है, जिसका शुभारंभ उपमहानिदेशक अविनाश अग्रवाल ने किया।

कामकाजी लोगों के लिए भी सुविधा

केंद्र को सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इससे कामकाजी लोगों, व्यवसायियों और अन्य नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी काम कराने का विकल्प मिलेगा।

केंद्र पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक समय स्लॉट बुक कर निर्धारित समय पर पहुंच सकते हैं, जिससे प्रतीक्षा का समय कम किया जा सकेगा।

दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग सेवा काउंटर बनाए गए हैं। इन काउंटरों का उद्देश्य जरूरतमंद आवेदकों को आधार सेवाएं अधिक आसानी से उपलब्ध कराना है।

50 से अधिक लोग समाधान शिविर में पहुंचे

देवास में 12 सितंबर को पहली बार विशेष ‘आधार जन समाधान शिविर’ भी लगाया गया। इसमें 50 से अधिक नागरिकों ने लंबित प्रकरणों, तकनीकी दिक्कतों और प्रक्रियागत समस्याओं को रखा।

UIDAI भोपाल की विशेष टीम ने मामलों को सुनकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच और कार्रवाई की। नागरिकों को उनके प्रकरण की प्रकृति के आधार पर समाधान तथा आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

नया केंद्र 11-बी, नूतन नगर, वार्ड नंबर 32, जोन नंबर 1, स्टेशन रोड पर लायंस होटल के पास, बीएनपी रोड, देवास में स्थित है। आधार संबंधी सेवा लेने वाले नागरिक यहां सीधे पहुंच सकते हैं या पहले ऑनलाइन समय स्लॉट तय कर सकते हैं।