कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के मार्गदर्शन में इंदौर जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं GEN-Z युवाओं को विभिन्न रचनात्मक, सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘ नमो युवा शक्ति ’ कार्यक्रम का आयोजन ग्राम कलारिया, विकासखंड इंदौर में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणजनों एवं संबंधित विभागीय अमले ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं GEN-Z युवाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक सहभागिता से जोड़ना तथा उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सामुदायिक भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य शिविर प्रमुख रहा। स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभागियों का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में GEN-Z युवाओं के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं चेयर रेस का आयोजन किया गया। इसी प्रकार महिलाओं के लिए चेयर रेस एवं नींबू-चम्मच दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा भजन एवं कीर्तन की प्रस्तुति दी गई। वहीं GEN-Z युवाओं ने एकल प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार एवं प्रोत्साहन सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान नदी घाट पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं द्वारा ‘ आशीर्वाद का दिया ’ प्रज्वलित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं एवं ग्रामीणजनों ने सामुदायिक एकता, सकारात्मक सोच, सामाजिक सहभागिता तथा सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 250 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, उनके GEN-Z युवाओं, ग्रामीणजनों एवं संबंधित विभागीय अमले ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामीण आजीविका मिशन की 250 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ सहायक जिला प्रबंधक प्रशिक्षण श्रीमती रेणुका भार्गव, विकासखंड प्रबंधक सुश्री माधवी तेजवानी एवं विकासखंड इंदौर की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
